भाजपा ने गोपीकांदर में किया आक्रोश प्रदर्शन, सूर्य हांसदा एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग

 



जागता झारखंड संवाददाता गोपीकांदर। प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को भाजपा ने प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत आक्रोश प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिवंगत सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने तथा नगड़ी में रैयतों से छीनी जा रही रिम्स-2 परियोजना की जमीन वापस कराने की मांग की।

इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश रैली निकालकर गोपीकांदर चौक से प्रखंड परिसर तक मार्च किया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष नकुल शाह ने किया, जबकि प्रभारी के रूप में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल मौजूद रहे।

रूपेश मंडल ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। माफियाओं व दलालों ने शासन-प्रशासन पर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा सामाजिक कार्यकर्ता थे, जिन पर कोई वारंट नहीं था और अधिकांश मुकदमों में बरी हो चुके थे। इसके बावजूद उन्हें पुलिस ने घर से उठाकर फर्जी एनकाउंटर में मार दिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पुलिस एनकाउंटर की वास्तविकता छिपा रही है और सरकार मामले की लीपापोती में जुटी हुई है। साथ ही नगड़ी में किसानों को विस्थापित कर कृषि भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई आदिवासियों के अधिकारों पर हमला है। भाजपा ने चेतावनी दी कि जब तक सूर्या हांसदा प्रकरण की सीबीआई जांच और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस प्रदर्शन में नकुल शाह, दीपांशु कोचग्ये, क्रिस्टोफर मुर्मू, सैमुअल मुर्मू, पतराश सोरेन, अनिल देहरी, दिलीप दास, अर्चना महारानी और अमित कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

Post a Comment

और नया पुराने